उदित वाणी, जमशेदपुर: पोटका थाना अंतर्गत चमाईजुड़ी गांव में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। नशे की लत को लेकर हुए विवाद में बेटे ने अपने ही पिता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान अनिरुद्ध तांती (56) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी बेटा विजय पत्रों (20) को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। जानकारी के मुताबिक विजय लंबे समय से नशे का आदी था। पिता अनिरुद्ध तांती उसे बार-बार नशा छोड़ने की सलाह देते थे। शनिवार शाम इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान गुस्से में आकर विजय ने धारदार हथियार से अपने पिता पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अनिरुद्ध तांती को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत पोटका अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पोटका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।


