उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे रेलवे सुरक्षा बल के विशेष अभियान “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ चक्रधरपुर मंडल तथा रेल पुलिस अधीक्षक जमशेदपुर के निर्देश पर आरपीएफ टाटानगर और जीआरपी टाटा की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो शातिर मोबाइल चोरों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल वर्मा उर्फ रोहित कुमार (27) और रजत कुमार सिंह (26) के रूप में हुई है। विशाल वर्मा मूल रूप से चाईबासा का निवासी है, जबकि रजत कुमार सिंह गाड़ाबासा, बागबेड़ा जमशेदपुर का रहने वाला बताया गया है।
जानकारी के अनुसार दोनों आरोपियों ने बीती रात टाटानगर रेलवे स्टेशन परिसर में एक यात्री का मोबाइल फोन चोरी कर लिया था। घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम सक्रिय हो गई और त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को चोरी के मोबाइल के साथ पकड़ लिया गया।
पूरी कार्रवाई पोस्ट कमांडर आरपीएफ टाटानगर एवं जीआरपी थाना प्रभारी की निगरानी में आरपीएफ के एएसआई बलबीर प्रसाद के नेतृत्व में चलायी गई। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर के सुपुर्द कर दिया गया।
रेलवे सुरक्षा एजेंसियों की इस कार्रवाई से स्टेशन परिसर में सक्रिय अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है, वहीं यात्रियों ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संतोष जताया है।


