
उदित वाणी सरायकेला: कपाली ओपी क्षेत्र में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) और कपाली ओपी पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद सरफराज आलम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क का हिस्सा था। खास बात यह है कि वह स्थानीय स्तर पर सक्रिय रहा है और कपाली नगर परिषद अध्यक्ष पद का चुनाव भी लड़ चुका है, जिससे मामला और अधिक चर्चित हो गया है।
जानकारी के मुताबिक, संयुक्त टीम को पूर्व में गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की गई और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, अब तक बरामद मादक पदार्थ की मात्रा, उसकी किस्म और गिरफ्तारी के सटीक स्थान को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
इस संबंध में जब कपाली ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उनसे बात नहीं हो सकी। माना जा रहा है कि पुलिस जल्द ही विस्तृत प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पूरे मामले का खुलासा करेगी।
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज है, खासकर आरोपी के राजनीतिक जुड़ाव को लेकर। पुलिस और एनसीबी की पूछताछ में इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई बड़े नामों के सामने आने की संभावना जताई जा रही है।

