
उदित वाणी, जमशेदपुर : ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार को लेकर जमशेदपुर के बिरसानगर जोन नंबर-6 स्थित जंगल में रविवार देर रात दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई. घटना में जुगसलाई पुरानी बस्ती निवासी 22 वर्षीय सोहेल अहमद की चापड़ से हत्या कर दी गई, जबकि उसका साथी अब्दुल सूफियान गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को स्थानीय लोगों की मदद से एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, नशा कारोबार से जुड़ी बातचीत के लिए सोहेल को जंगल में बुलाया गया था. सौदे को लेकर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और बात हाथापाई से होते हुए हत्या तक पहुंच गई. इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे अब्दुल सूफियान पर भी धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गया. किसी तरह जान बचाकर वह थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी.
घटना की सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से खून से सने कपड़े और अन्य वस्तुएं बरामद की हैं. दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार में हिस्सेदारी को लेकर आपसी विवाद बताया गया है.
क्षेत्र में घटना के बाद तनाव का माहौल है. पुलिस एहतियात के तौर पर इलाके में गश्त बढ़ा दी है और अपराध में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है.

