
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत एग्रिको सिग्नल के पास शुक्रवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब सड़क किनारे मोमोज खा रहे एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया. इस घटना में गोलमुरी गाढ़ा बासा निवासी चंदन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद उसके साथ मौजूद दोस्तों ने तत्काल उसे इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है.
घायल चंदन कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपने तीन दोस्तों के साथ एग्रिको सिग्नल के पास मोमोज खाने गया था. इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और एक अन्य युवक को जबरन उठाकर ले जाने की कोशिश करने लगे. इस घटना को देखकर चंदन ने साहस दिखाते हुए इसका विरोध किया और तत्काल पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलने पर सिदगोड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर वहां से भेज दिया. हालांकि पुलिस के लौटते ही कुछ ही देर बाद हालात अचानक बिगड़ गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 10 से 12 की संख्या में युवक दोबारा मौके पर पहुंचे और चंदन के साथ मारपीट शुरू कर दी. इसी दौरान हमलावरों में से एक युवक ने चापड़ से चंदन पर हमला कर दिया, जिससे उसके दाहिने हाथ में गहरी चोट आई.
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग दहशत में आ गए. फिलहाल सिदगोड़ा थाना पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद से एग्रिको सिग्नल और आसपास के क्षेत्र में भय का माहौल व्याप्त है.

