
उदित वाणी, जमशेदपुर : राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत “सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” थीम पर टाटानगर रेल सिविल डिफेंस टीम द्वारा टाटानगर रेलवे स्टेशन के मुख्य निकास द्वार के समक्ष एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया. इस नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने वाले लापरवाह चालकों की दर्दनाक मौत और सड़क दुर्घटनाओं की भयावह तस्वीर को जीवंत रूप में प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया गया.
नुक्कड़ नाटक में ड्रिंक एंड ड्राइव के कारण हुई कार दुर्घटना का मार्मिक दृश्य दिखाया गया, जिसमें पाँच दोस्तों की मौके पर ही मौत हो जाती है. इस जीवंत और दर्दनाक प्रस्तुति को देखकर स्टेशन परिसर में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आरपीएफ के जवानों को हस्तक्षेप करना पड़ा. आरपीएफ द्वारा यह स्पष्ट किए जाने के बाद कि यह एक नुक्कड़ नाटक है, लोग शांत हुए और पूरे कार्यक्रम को गंभीरता से देखने लगे.
नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि युवा वर्ग अक्सर उत्साह और जश्न के दौरान अत्यधिक शराब का सेवन कर वाहन चलाता है, जिससे न केवल ट्रैफिक नियमों की अवहेलना होती है, बल्कि अपनी और दूसरों की जान भी खतरे में पड़ जाती है. दुर्घटना की सजीव प्रस्तुति के लिए कार के भीतर पुतलों को रखा गया था, जिन्हें दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल और क्षत-विक्षत अवस्था में दिखाया गया, जिससे दर्शकों पर गहरा प्रभाव पड़ा.
कार्यक्रम के दौरान स्टेशन डायरेक्टर सुनील कुमार, सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार, आरपीएफ सब इंस्पेक्टर एस. घोष एवं के. मिश्रा उपस्थित रहे. स्टेशन डायरेक्टर सुनील कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान इस प्रकार के नुक्कड़ नाटक जनजागरूकता के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और लोगों को कभी भी शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की अपील की.
सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि ड्रिंक एंड ड्राइव की स्थिति में दुर्घटना होने पर वाहन एवं व्यक्ति का इंश्योरेंस क्लेम भी मान्य नहीं होता. उन्होंने कार चलाते समय सीट बेल्ट पहनने और मोटरसाइकिल चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने पर जोर दिया. साथ ही ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने पर ड्राइविंग लाइसेंस रद्द होने एवं दंड का प्रावधान होने की जानकारी दी.
नुक्कड़ नाटक में अनिल कुमार सिंह, कल्याण कुमार साहू, शंकर कुमार प्रसाद, रितेश कुमार गुहा, अमित कुमार, गीता कुमारी, वीरेंद्र मंडल, संजय कुमार महतो, तेजीता, कंचन कुमारी, सत्य प्रकाश, सरस्वती मुर्मू एवं पार्वती मुर्मू ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. कार्यक्रम के दौरान टैक्सी-मैक्सी चालक दल, राहगीर एवं बड़ी संख्या में रेल यात्री उपस्थित रहे.

