
उदित वाणी, बोकारो : बालीडीह थाना पुलिस ने गाड़ी और टावर से बैटरी चोरी करने वाले गिरोह को धर दबोचा. चोरों के कब्जे से 46 बैटरी, चोरी में इस्तेमाल टोटो, पल्सर बाइक, कटर, मोबाइल सहित अन्य सामान बरामद किया गया. पुलिस ने चार चोरों और एक खरीददार सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया.
मास्टरमाइंड धीरज कुमार वर्मा, कई थानों में चोरी की घटनाएं
एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि गिरोह का सरगना धीरज कुमार वर्मा चार साथियों के साथ सक्रिय था. इस गिरोह ने बालीडीह में दो, सेक्टर-12 में तीन, पिंडराजोरा में एक और बीएस सिटी में एक चोरी की वारदात को अंजाम दिया था. गिरफ्तार आरोपी धीरज कुमार वर्मा, प्रथम कुमार और रोशन कुमार सोनाटांड़ के निवासी हैं, जबकि पीयूष कुमार राजेंद्र नगर का और खरीददार महेश कुमार महतो जेन मॉड का रहने वाला है.
पुलिस को चोरों का सीसीटीवी फुटेज भी मिला है. एसपी ने कहा कि इस गिरोह के पकड़े जाने से चोरी की घटनाओं में कमी आएगी. आगे पूछताछ जारी है.

