
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर ऑटो कलस्टर के पीछे (हथियाडीह) स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन आगामी 9 जनवरी को होगा. इस अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी विशिष्ट अतिथि के रुप में उपस्थित रहेंगे. वहीं, मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है और कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. साथ हीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है.
मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल परिसर में उतरेगा, जिसके लिए पुलिस प्रशासन द्वारा हैलीपैड का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है. प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, कार्यक्रम स्थल से लेकर हैलीपैड तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं. और पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ ट्रैफिक प्रबंधन और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं.
नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद है. स्थानीय लोगों में इस कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है.

