
उदित वाणी, रांची : हेसाग स्थित पशुपालन निदेशालय में राज्य की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की की अध्यक्षता में मंगलवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभागीय खर्च की प्रगति, योजनाओं की उपयोगिता और उनके क्रियान्वयन की स्थिति पर समीक्षा की गई. इस अवसर पर कृषि, उद्यान और भूमि संरक्षण विभाग के सभी वरीय अधिकारी उपस्थित रहे.
बैठक के दौरान मंत्री तिर्की ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे वित्तीय वर्ष की अंतिम तिमाही को ध्यान में रखते हुए खर्च की गति बढ़ाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करें. उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य केवल राशि खर्च करना नहीं होना चाहिए, बल्कि यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि योजनाएं धरातल पर प्रभावी रूप से लागू हों और अधिक से अधिक लाभुकों तक पहुंचे.
मंत्री ने स्पष्ट किया कि योजनाओं की उपयोगिता, पारदर्शिता और समयबद्ध क्रियान्वयन पर विभागीय स्तर से लेकर जिला स्तर तक जवाबदेही तय की जानी चाहिए. उन्होंने आगामी बजट के लिए प्रभावी एवं व्यवहारिक योजनाओं के प्रस्ताव जल्द तैयार करने का भी निर्देश दिया.
समीक्षा बैठक में मंत्री तिर्की ने कृषि, उद्यान और भूमि संरक्षण विभाग की विभिन्न योजनाओं की जमीनी स्थिति का भी जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. जिला स्तर पर तय लक्ष्यों की प्रगति की भी गहन समीक्षा की गई.
बैठक में विभागीय सचिव अबू बकर सिद्दीकी, विशेष सचिव गोपाल जी तिवारी, प्रदीप हजारे, निदेशक भोर सिंह यादव, आदित्य कुमार आनंद, समेति निदेशक विकास कुमार, राजकुमार साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.

