
उदित वाणी, गुवा : 26 बटालियन, केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कमांडेंट राजीव रंजन के निर्देशन में ए/26 बटालियन सीआरपीएफ द्वारा झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित सारंडा वन क्षेत्र के घोर नक्सल प्रभावित सुदूरवर्ती गांव दुवेन्द्री में सिविक एक्शन प्रोग्राम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व ए/26 बटालियन के कंपनी कमांडर निरीक्षक जीडी अमरेश सिंह ने किया.
इस अवसर पर दुवेन्द्री गांव के जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच ठंड से बचाव हेतु कंबल, रात में रोशनी के लिए सोलर लालटेन, छाता, घरेलू उपयोग की सामग्री जैसे पतीला (डेगचा) तथा आवास निर्माण के लिए टीन शीट का वितरण किया गया. साथ ही कृषि को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से मक्का, करेला, उड़द, हरी सेम एवं टमाटर के बीज भी वितरित किए गए, ताकि ग्रामीणों की आजीविका को सुदृढ़ किया जा सके.
गांव के युवाओं में खेल भावना बढ़ाने के लिए फुटबॉल, वॉलीबॉल, फुटबॉल नेट, वॉलीबॉल नेट, क्रिकेट बैट और गेंदें भी दी गईं. इस दौरान कंपनी कमांडर निरीक्षक जीडी अमरेश सिंह के साथ उप निरीक्षक जीडी जाकीर हुसैन, दुवेन्द्री गांव के मुंडा विकास हुनढुंगा और पुलिस प्रतिनिधि सहायक उप निरीक्षक जूलियस इक्का उपस्थित रहे.
ग्रामीणों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और सीआरपीएफ की इस पहल की सराहना की. ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों से सुरक्षा बलों और जनता के बीच विश्वास मजबूत होता है, जिससे क्षेत्र में शांति और विकास का रास्ता और अधिक सशक्त होता है.

