
उदित वाणी, गुवा : जगन्नाथपुर प्रखंड कार्यालय में मंगलवार को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी का 140वां स्थापना दिवस बड़े ही उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक जगन्नाथपुर सह उपमुख्य सचेतक (सत्तारूढ़ दल) सोनाराम सिंकु ने की.
विधायक सिंकु ने पार्टी के ध्वज का वितरण करते हुए कहा कि कांग्रेस सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि यह देश की आज़ादी और लोकतंत्र की रक्षा का प्रतीक है. उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुँचाने और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया.
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों और पार्टी के संस्थापकों को श्रद्धांजलि अर्पित की. मंच से नारे लगाए गए- “कांग्रेस ज़िंदाबाद” और “भारत जोड़ो”.
कार्यक्रम में जगन्नाथपुर प्रखंड अध्यक्ष ललित कुमार दोराईबुरू, नोवामुंडी प्रखंड अध्यक्ष मंजीत प्रधान, युवा विधानसभा अध्यक्ष सुशील हेस्सा, युवा अध्यक्ष नोवामुंडी मामूर कासमी, युवा अध्यक्ष जगन्नाथपुर शैलेंद्र जेराई, कामगार कार्यकारी अध्यक्ष सूरज मुखी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे.
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं में विपिन लागुरी, विपिन सिंकु, आविद हुसैन, अफताब आलम, विक्रम हेम्ब्रम, जितेंद्र पूर्ति, सागर लागुरी, सोमनाथ सिंकु, दिनेश प्रधान, रंजन गोप, राजू हेम्ब्रम, शमशाद आलम, संतोष नाग मुंडा, सावित्री जेराई, दिव्या जेराई, जयश्री सिंकु, रबीन्द्र तियु, विलास प्रजापति, सनातन सिंकु और कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे.
स्थापना दिवस कार्यक्रम के समापन पर विधायक सोनाराम सिंकु ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा एकता, समानता और सामाजिक न्याय पर आधारित है, और सभी कार्यकर्ता इसी मार्ग पर आगे बढ़ते हुए संगठन को मज़बूत करें.

