
सांसद विद्युत वरण महतो भी मौजूद रहे शिलान्यास समारोह में
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय और सांसद विद्युत वरण महतो ने सोमवार को नगर विकास विभाग के मद से 6 करोड़ 14 लाख से अधिक कीमत की 54 योजनाओं का मानगो नगर निगम कार्यालय परिसर में संयुक्त शिलान्यास किया. इस दौरान 15वें वित्त आयोग से 3 करोड़ 95 लाख रुपये की 25 ऑटो टिपर गाड़ियों को डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए हरी झंडी दिखाई.
विकास की दिशा में सरयू राय का संघर्ष
सरयू राय ने कहा कि मानगो को अधिसूचित क्षेत्र समिति से नगर निगम बनाने के लिए उन्होंने आंदोलन किए, जिससे अब अधिक फंड मिलेगा और इलेक्टेड बॉडी गठित होने पर विकास तेज होगा. एनएच 33 पर फ्लाईओवर, पेयजल आपूर्ति और सब-स्टेशन जैसी सुविधाएं जनता व कार्यकर्ताओं के सहयोग से उपलब्ध कराई गईं. बालीगुमा टंकी चालू होते ही हर घर में पानी पहुंचेगा.
स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं पर जोर
विधायक ने स्वच्छता, सड़क रोशनी और डोर-टू-डोर कचरा संग्रह को प्राथमिकता बताई, ताकि मानगो टाटा क्षेत्र की तरह चमके. छोटे कार्यों के लिए साकची-बिष्टुपुर न जाना पड़े, इसके लिए व्हाट्सएप नंबर 8877537777 पर शिकायत दर्ज करने को कहा. कई बड़ी योजनाएं स्वीकृति के इंतजार में हैं.

