
उदित वाणी, जमशेदपुर : रोटरेक्ट क्लब ऑफ डी.बी.एम.एस. कॉलेज में आज “रक्त कैंसर और रक्त विकारों के लिए स्टेम सेल दान के माध्यम से जीवन का दूसरा अवसर” विषय पर छात्रों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के बीच जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया. यह सत्र डी.के.एम.एस फाउंडेशन इंडिया के प्रतिनिधि जयंत सिंह और उनकी टीम द्वारा संचालित किया गया, जिन्होंने बताया कि किस प्रकार स्वस्थ व्यक्ति का स्टेम सेल दान रक्त कैंसर और अन्य रक्त विकारों से जूझ रहे रोगियों के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है.
जयंत सिंह ने अपने रोचक एवं ज्ञानवर्धक प्रजेंटेशन के माध्यम से स्टेम सेल दान की बढ़ती आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक साधारण पंजीकरण से भी रोगियों को आशा की किरण और जीवन का नया मौका मिल सकता है. उपस्थित सभी छात्रों और स्टाफ ने स्टेम सेल दान की प्रक्रिया, सुरक्षा तथा इसके महत्व को गंभीरता से समझा और कई शंकाओं का समाधान भी किया.
सत्र के दौरान दानकर्ता पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिसमें रोटरेक्ट क्लब के सदस्य, छात्र, एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और लगभग 90 लोगों ने अपना पंजीकरण करवाया. आयोजकों ने कहा कि प्रत्येक पंजीकृत स्वयंसेवक किसी न किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने की संभावना बढ़ाता है और समाज में मानवता व करुणा का संदेश देता है.
कार्यक्रम को सफल बनाने में रोटरेक्ट क्लब की मॉडरेटर अंजली गणेशन, स्टाफ सलाहकार शिप्रा धरमराज, पूजा पाल एवं अंकुर कुमार की सक्रिय भूमिका रही. कॉलेज की प्राचार्या डॉ. मोनिका उप्पल तथा प्रशासनिक सचिव नितिश सिंह की उपस्थिति ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया और पूरे आयोजन को व्यवस्थित दिशा प्रदान की.

