
उदित वाणी, जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर 1 निवासी प्रदीप साव की हत्या मामले में पुलिस ने खुद प्राथमिकी दर्ज करते हुए सात लोगों को आरोपी बनाया है. एफआईआर उलीडीह थाना के एसआई रविंद्र पांडेय के बयान पर दर्ज की गई है. पुलिस ने हत्या में संलिप्तता के शक में जिन लोगों को नामजद किया है उनमें शंकोसाई रोड नंबर 5 टॉवर मैदान निवासी कुंदन सिंह उर्फ पोलियो, ललित सिंह उर्फ लुधु उर्फ बाबू, आकाश सिंह उर्फ उकूल, रवि उरांव उर्फ लाला, शंकोसाई रोड नंबर 1 श्यामनगर अंगूली मेडिकल के पास रहने वाला शिबू गोराई उर्फ कोचू, रुपेश कुमार और सोनू गोराई शामिल हैं. पुलिस इन सभी के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर उनको गिरफ्तार किया गया है.
जानकारी के अनुसार प्रदीप साव 30 नवंबर से ही घर से लापता था. परिजनों ने उसकी खोजबीन में काफी प्रयास किया, लेकिन वह कहीं नहीं मिला. इसी दौरान 4 दिसंबर को श्यामनगर स्थित छोटी नदी में उसका शव बरामद किया गया. शव मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में आक्रोश बढ़ गया.
स्थानीय लोगों ने गुरुवार को उलीडीह थाना पहुंचकर घेराव किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की. भीड़ ने सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन पर कार्रवाई में ढिलाई का आरोप लगाया. स्थिति तनावपूर्ण होती देख पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद किसी तरह जाम हटवाया जा सका.
पुलिस अब इस मामले में तेजी से जांच कर रही है और कई संदिग्धों से पूछताछ चल रही है. सूत्रों का कहना है कि पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर जल्द ही मामले का उद्भेदन किया जा सकता है. अधिकारियों ने पुष्टि की है कि सभी आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.

