
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर के सदर अस्पताल खासमहल में 100 बेड वाले आधुनिक फैब्रिकेटेड अस्पताल तथा टाटा स्टील फाउंडेशन के सहयोग से निर्मित सिकल सेल एनीमिया लैब का उद्घाटन झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण, खाद्य आपूर्ति तथा आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने किया. इस अवसर पर पोटका विधायक संजीव सरदार, जमशेदपुर पूर्व विधायक पूर्णिमा साहू, घाटशिला विधायक सोमेश चन्द्र सोरेन, उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, टाटा स्टील फाउंडेशन के सौरभ राय सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे.

मंत्री डॉ. अंसारी ने कहा कि यह सुविधा स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है, जिससे जिला अस्पताल इतने सशक्त होंगे कि रेफरल की जरूरत न्यूनतम रह जाए. राज्य सरकार का संकल्प है कि हर व्यक्ति को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और समय पर स्वास्थ्य सेवा मिले. पूरे कोल्हान में पहली सरकारी सिकल सेल जांच लैब स्थापित होने से क्षेत्रीय मरीजों को लाभ मिलेगा, तथा सदर अस्पताल को मेडिकल कॉलेज विकसित करने की योजना पर कार्य तेज है.

सदर अस्पताल की प्रमुख उपलब्धियां
– आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत पूर्वी सिंहभूम में 13,90,546 आभा कार्ड जारी हो चुके हैं.
– ई-हॉस्पिटल सेवा से स्कैन एंड शेयर तथा डिजिटल पर्ची सुविधा उपलब्ध, भविष्य में पूर्ण पेपरलेस सेवा की योजना.
– जिले में 9,54,894 आयुष्मान कार्ड बने; सिकल सेल अभियान में 81,650 मरीजों की स्क्रीनिंग, 26 रोगी चिह्नित कर इलाजाधीन.
वित्तीय वर्ष 2025-26 में आईसीयू (6 बेड) में 193 मरीज, डायलिसिस यूनिट में 835 मरीजों का उपचार; एसएनसीयू (12 बेड) में 344 मरीज इलाजरत रहे. 12 से 28 नवंबर तक रक्तदान अभियान में 3,093 यूनिट रक्त संग्रह राज्य में सर्वाधिक; उल्लास कार्यक्रम से 764 मिर्गी रोगियों का इलाज चल रहा. विधायकों ने अस्पताल संचालन और चिकित्सा सुविधाओं पर विचार व्यक्त किए.

