
उदित वाणी, गुवा : केंद्र सरकार द्वारा पुराने श्रम कानूनों को समाप्त कर नए श्रम कानून लागू करने के विरोध में सशक्त संयुक्त मोर्चा यूनियन ने सोमवार देर शाम गुवा में जोरदार रैली निकाली. सीटू कार्यालय से निकली इस रैली में विभिन्न श्रमिक संगठनों से जुड़े दर्जनों मजदूरों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की और बिरसा मुंडा चौक पहुंचे. वहां भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया.
रैली के बाद चौक के समीप सभा आयोजित हुई, जिसमें नेताओं ने नए श्रम कानूनों को मजदूर-विरोधी बताते हुए श्रमिक अधिकारों व सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव की चेतावनी दी. उन्होंने पुरानी व्यवस्था बहाल करने और नए कानून वापस लेने की मांग की. इस अवसर पर यूनाइटेड मिनिरल्स वर्कर्स यूनियन, क्रांतिकारी इस्पात मजदूर संघ, झारखंड मजदूर यूनियन तथा सारंडा युवा बेरोजगार संघ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे.
सभा की अध्यक्षता सीटू अध्यक्ष इंद्रमणि बेहरा ने की, जिसमें महासचिव रमेश गोप, झारखंड मजदूर यूनियन के महामंत्री हेमराज सोनार, एचएमएस महासचिव राकेश सुंडी, सारंडा युवा बेरोजगार संघ अध्यक्ष उदय कुमार सिंह, मलय पाणिग्राही, जगदीश उरांव, टीआर पटनायक सहित कई नेता व मजदूर शामिल हुए. नेताओं ने श्रमिक हितों की रक्षा के लिए एकजुट आंदोलन तेज करने का संकल्प लिया.
कार्यक्रम के अंत में यूनियन ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन और तेज होगा. अंत में सेल मुख्य महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष पहुंचकर श्रमिकों ने बिरसा मुंडा चौक से मशाल जलाकर केंद्र सरकार के प्रति विरोध जताया.

