
उदित वाणी आदित्यपुर (का.प्र.) : दिन्दली बाजार, आदित्यपुर के मध्य भाग में स्थित राजकीयकृत कन्या मध्य विद्यालय के आसपास असामाजिक और अवैध गतिविधियाँ लगातार बढ़ती जा रही हैं. विद्यालय के 100 मीटर क्षेत्र में खुलेआम चल रहे इन गैरकानूनी धंधों ने परिसर की सुरक्षा और शैक्षणिक माहौल को गंभीर रूप से प्रभावित कर दिया है.
स्कूल परिसर असुरक्षित, पठन-पाठन बाधित
स्थानीय लोगों के अनुसार अवैध स्क्रैप टाल, दारू भट्ठी और अन्य गैरकानूनी कारोबारों के चलते विद्यालय और आसपास का माहौल पूरी तरह बिगड़ गया है.
दिनभर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहने से छात्राओं और शिक्षकों में लगातार भय का माहौल बना रहता है. विद्यालय बंद होते ही कई युवक परिसर के भीतर तक घुस आते हैं, जिससे अभिभावकों में भी सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्याप्त है.
गंदगी और दुर्गंध से हालात बदतर
अवैध गतिविधियों के साथ-साथ विद्यालय के आसपास फैली गंदगी से भी स्थिति बदतर होती जा रही है. परिसर में जमा कचरे के ढेर और उससे उठने वाली दुर्गंध के कारण कक्षाओं में पढ़ाना भी कठिन हो गया है. शिक्षण व्यवस्था प्रभावित होने से छात्राओं की उपस्थिति और एकाग्रता दोनों पर प्रतिकूल असर पड़ा है.
विद्यालय प्रबंधन की मांग
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ने नगर निगम से तत्काल स्कूल परिसर और आसपास के पूरे क्षेत्र की सफाई कराने की मांग की है.
साथ ही विद्यालय प्रबंधन ने आदित्यपुर पुलिस और नगर निगम से आसपास गश्ती बढ़ाने, अवैध कारोबारों पर तुरंत रोक लगाने और शिक्षा के लिए सुरक्षित वातावरण बहाल करने की अपील की है, ताकि छात्राओं को भयमुक्त और स्वच्छ वातावरण मिल सके.


