उदित वाणी आदित्यपुर (का.प्र.) : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ कड़ा अभियान चलाया गया. निगम की दो अलग-अलग टीमों ने कल्पनापुरी, एस टाइप, आदित्यपुर थाना रोड, स्टेट बैंक रोड, आकाशवाणी तथा खरकई ब्रिज क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए कुल 33 दुकानदारों पर जुर्माना लगाया. इन सभी से मिलाकर 21,940 रुपये का दंड वसूला गया.
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि सरकारी दिशा-निर्देशों के तहत प्लास्टिक कैरी बैग, कप, प्लेट, गिलास, प्लास्टिक स्ट्रॉ, थर्मोकोल उत्पाद, प्लास्टिक पैकिंग और डिस्पोज़ेबल सामग्री का उपयोग, बिक्री और खरीद कानूनी अपराध है. इसके बावजूद यदि कोई दुकानदार या व्यक्ति सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग करते पाया जाता है, तो उस पर जुर्माना और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

निगम ने नागरिकों, व्यापारियों और दुकानदारों से अपील की है कि वे पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देते हुए कपड़े या जूट के बैग का उपयोग करें, ताकि आदित्यपुर को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाया जा सके. अभियान के दौरान उप नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक, राजस्व कर्मी और फूड इंस्पेक्टर मौजूद थे.


