
उदित वाणी, जमशेदपुर : डीबीएमएस कदमा हाई स्कूल के ‘कलाकृति’ सभागार में आज “सामाजिक विज्ञान स्पेक्ट्रम” का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना गीत एवं पर्यावरण गीत से हुआ, जिससे पूरे वातावरण में सकारात्मकता और उत्साह का संचार हुआ.
इस प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुसंधान की भावना, रचनात्मक सोच, सहयोग एवं सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारी को बढ़ावा देना था.
विद्यार्थियों ने सामाजिक विज्ञान के विभिन्न विषयों पर सुंदर मॉडल प्रस्तुत किए, जिनमें प्राचीन औजार, हमारे आसपास का बाजार, घरों के प्रकार, सौरमंडल, स्मारक, त्योहार, पिनचक्ट्की, ग्रामीण और शहरी जीवन, संसाधनों के प्रकार, विभिन्न उद्योग और भारत में राष्ट्रीयता एवं फसलों के प्रकार जैसे विषय शामिल थे.

बच्चों ने अपने मॉडल्स के माध्यम से न केवल अपने ज्ञान और सृजनशीलता का प्रदर्शन किया, बल्कि समाज और पर्यावरण से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश भी प्रस्तुत किए. दर्शकों ने विद्यार्थियों की मेहनत और कल्पनाशीलता की सराहना की.
कार्यक्रम में डीबीएमएस संस्था के चेयरपर्सन (फाइनेंस) बी. चंद्रशेखर, प्रशासनिक अध्यक्षा ललिता चंद्रशेखर, सचिव अनीता रामकृष्णा, संयुक्त सचिव उषा माटलानी, कोषाध्यक्षा भूना कृष्णन, संयुक्त कोषाध्यक्षा अरुणा राठी, प्रधानाचार्या गुरप्रीत भामरा, उप प्रधानाचार्या सुपर्णा राय, एस. शिरीन तथा सामाजिक विज्ञान विभागाध्यक्ष स्मृति साहा समेत शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थीगण उपस्थित रहे.
विद्यालय की प्रधानाचार्या ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनियाँ विद्यार्थियों को न केवल विषय की गहराई समझने का अवसर देती हैं, बल्कि आत्मविश्वास और प्रस्तुति कौशल को भी विकसित करती हैं.
कार्यक्रम के सफल आयोजन का श्रेय सामाजिक विज्ञान विभागाध्यक्ष श्रीमती स्मृति साहा और उनकी टीम को दिया गया.
कार्यक्रम का समापन बच्चों के उत्साहपूर्ण प्रदर्शन और शिक्षकों की प्रशंसा के साथ हुआ.

