
उदित वाणी, आदित्यपुर : श्री शनिदेव भक्त मंडली (ट्रस्ट) ने ब्लड कैंसर जैसे असाध्य बीमारी से पीड़ित धनबाद निवासी शशि कुमार सिन्हा के उपचार हेतु 71000 रुपए की सहयोग राशि दी है, जिसे सदस्यों के आपसी सहयोग से संग्रहित किया गया है. यह मामला दुग्धा पंचायत निवासी प्रकाश प्रधान के माध्यम से मंडली के समक्ष पहुंचा.
कांड्रा निवासी पीड़ित के रिश्तेदार संजीव सिन्हा ने प्रकाश प्रधान को जानकारी दी थी तथा उनसे पीड़ित के उपचार में मंडली से सहयोग कराने का अनुरोध किया था. पीड़ित शशि कुमार सिन्हा हर महीने किमो लेने के लिए धनबाद से यहां मेहरभाई टाटा मेमोरियल अस्पताल आते हैं. और अब उनके आगे का उपचार विशाखापत्तनम स्थित होम बाबा कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में होना है.
मंडली की टीम ने गुरुवार को मंडली पुत्र पीड़ित की बहन के घर कांड्रा जाकर उक्त आर्थिक सहयोग राशि प्रदान की. उल्लेखनीय है कि पीड़ित ने अपने उपचार हेतु अपने ट्रांसपोर्ट व्यवसाय में उपयोग होने वाले 16 चक्का ट्रक भी बेच दिया है. इस अवसर पर मंडली के संस्थापक सह संरक्षक देवव्रत घोष, अध्यक्ष राजेश चाचरा, मंटू सिंह मोदक, गौरांगो धर, माणिक गोराई, मनीष मुखर्जी, प्रकाश प्रधान, बीबीलाल पॉल, संजीव सिन्हा, सरदानंद चौधरी आदि उपस्थित थे.

