
उदित वाणी, रांची : प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाते हुए कहा कि बोकारो के बाद अब धनबाद और कोडरमा के डीएमएफटी फंड घोटाले किया गया है. उन्होंने कहा कि कोडरमा और धनबाद से घोटालों के नए तथ्य सामने आया है. नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि कोडरमा में डीसी रहते हुए आदित्य रंजन ने डीएमएफटी फंड से स्किल डेवलपमेंट के नाम पर एमईपीएससी और तितली फाउंडेशन के साथ मिलकर जमकर लूट मचाई है.
अब जब वे धनबाद के डीसी बने हैं, तो वही खेल धनबाद में भी शुरू हो गया है. यहां भी एमईपीएससी और तितली फाउंडेशन के साथ सांठगांठ कर डीएमएफटी फंड को फिर से लूटा जा रहा है. इस लूट की स्क्रिप्ट इतनी चालाकी से लिखी गई है कि टेंडर की शर्तों में बदलाव कर मनचाही कंपनियों को फायदा पहुँचाया जा रहा है.
नेता प्रतिपक्ष मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कोडरमा में बर्ष 2022-24 के दौरान डीएमएफटी फंड के किये गये इस्तेमाल की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है. इसके अलावा उन्होंने आदित्य रंजन और प्रांजल मोदी के बीच के रिश्तों की भी पड़ताल करने का आग्रह किया है तथा धनबाद में डीएमएफटी फंड से जुड़े सभी चल रहे टेंडर प्रक्रियाओं को तत्काल प्रभाव से रोककर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की है.

