
उदित वाणी, चाकुलिया : चाकुलिया थाना क्षेत्र के जीरापाड़ा गांव में बुधवार की रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां शराब के नशे में धुत पुत्र ने अपनी 80 वर्षीय वृद्ध मां की गला रेतकर हत्या कर दी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पुलिस ने हत्या के आरोपी पुत्र जब्बर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. इस संबंध में चाकुलिया थाना में कांड संख्या 77/25 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि आरोपी जब्बर सिंह प्रतिदिन शराब पीकर नशे में अपनी मां से झगड़ा करता था और घर के सामान तक बेच देता था. बुधवार की रात भी राशन बेचने को लेकर उसने मां से विवाद किया था. हालांकि उसके बड़े भाई ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था. लेकिन रात में जब सब सो गए, तब जब्बर ने तेज धारदार हथियार से अपनी मां का गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है.

