उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा की रहने वाली एक युवती ने साकची महिला थाना में रांची निवासी संदीप पाटिल के खिलाफ यौन शोषण, शादी का झांसा देकर धोखाधड़ी, धमकी और ब्लैकमेलिंग का गंभीर आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
शिकायत के अनुसार, वर्ष 2021 में एक डेटिंग एप के माध्यम से दोनों की मुलाकात हुई थी. बातचीत बढ़ने के बाद संदीप जमशेदपुर आकर युवती से मिलने लगा और होटल में रुककर संबंध बनाए. उसने खुद को अविवाहित बताकर शादी का वादा किया, लेकिन बाद में पता चला कि वह शादीशुदा है और उसकी सात वर्ष की बेटी है. युवती ने बताया कि संदीप उसे अपने परिवार से भी मिलवा चुका था और भागलपुर स्थित अपने गांव भी लेकर गया था, जहां उसे अपनी बहन के पास ठहराया गया.
युवती ने आरोप लगाया कि संदीप उसे महंगे गहने, XUV कार और उपहार देता रहा, कहता था “तुम मेरी पत्नी हो, इन पर तुम्हारा हक है.” उसने मंगलसूत्र पहनाकर शादी का नाटक किया लेकिन कोई वैध विवाह नहीं किया. जब युवती को सच्चाई का पता चला तो संदीप ने उसे धमकी दी कि यदि शादी का दबाव डाला तो झूठे केस में फंसा देगा या जान से मरवा देगा.
पीड़िता ने बताया कि संदीप ने गर्भधारण रोकने की दवाइयां दीं और होटल में उसके अश्लील वीडियो बनाकर अब वायरल करने की धमकी दे रहा है. उसने संदीप की मां किरण देवी, बहन स्मिता उर्फ मोना और जीजा जितेंद्र पर भी प्रत्यक्ष संलिप्तता का आरोप लगाया है. युवती ने कहा कि उसके पास वीडियो कॉल और अन्य प्रमाण पेन ड्राइव में सुरक्षित हैं, जिन्हें वह जांच एजेंसियों को सौंपेगी. पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.


