
उदित वाणी, जमशेदपुर : बुधवार को आरवीएस एकेडमी के 30 विद्यार्थियों का एक दल बाराद्वारी स्थित वृद्धाश्रम के भ्रमण पर गया. वहाँ पहुँचकर विद्यार्थियों ने अपनी भावनाएँ और संवेदनाएँ वहाँ रह रहे बुजुर्गों के साथ साझा कीं. इस दल में चौथी से लेकर ग्यारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थी शामिल थे.

विद्यार्थियों ने अपने साथ लाए चावल, दाल, तेल, फल, मिठाइयाँ एवं अन्य आवश्यक वस्तुएँ आश्रम को भेंट कीं. इसके बाद उन्होंने बुजुर्गों से बातचीत की और उनके अनुभवों को ध्यान से सुना. विद्यार्थियों ने समाज से अलग-थलग पड़े इन वरिष्ठ नागरिकों के अकेलेपन को समझते हुए उनके बीच अपनापन और स्नेह का माहौल बनाया. साथ ही, विद्यार्थियों ने नृत्य और गीत प्रस्तुत कर वहाँ उपस्थित सभी लोगों का मनोरंजन भी किया.

विद्यालय के प्रबंधक श्री बिंदा सिंह और प्राचार्या श्रीमती वीशा मोहिंद्रा ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम हर वर्ष आयोजित किए जाते हैं ताकि विद्यार्थियों में सामाजिक संवेदनशीलता, मानवीय मूल्यों और बुजुर्गों के प्रति सम्मान की भावना विकसित हो सके. उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं.


