
उदित वाणी, जमशेदपुर : कपाली थाना क्षेत्र के ताजनगर में सोमवार देर रात एक युवक ने अपने ही दोस्त पर चाकू से हमला कर दिया. घटना में मो. इरशाद गंभीर रूप से घायल हो गया है. वह फिलहाल एमजीएम अस्पताल में भर्ती है, जहां उसका इलाज चल रहा है.
जानकारी के अनुसार, मो. इरशाद रोज की तरह काम से लौटने के बाद ताजनगर मैदान में कबड्डी खेलने गया था. उसी दौरान उसका दोस्त फैजान खान वहां पहुंचा. बताया जाता है कि फैजान नशे में था और किसी बात को लेकर इरशाद से उलझ पड़ा. विवाद बढ़ने पर फैजान ने अपने कमर से धारदार चाकू निकालकर इरशाद पर हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा. आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे एमजीएम अस्पताल पहुंचाया.
इधर, अस्पताल पहुंचने के कुछ ही देर बाद फैजान का बड़ा भाई अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और घायल इरशाद को जबरन अस्पताल से ले जाने की कोशिश की. इसी बीच सूचना मिलते ही इरशाद के परिजन पहुंच गए और किसी तरह उसे दोबारा भर्ती कराया.
घायल की मां ताएरा खातून ने बताया कि हमलावर पहले उनके घर भी आए थे और इरशाद के बारे में पूछताछ कर रहे थे. बाद में उन्होंने अस्पताल पहुंचकर हंगामा किया. फिलहाल कपाली थाना पुलिस ने इरशाद के बयान पर फैजान खान के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है.

