
उदित वाणी, नई दिल्ली : देश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में रिलायंस जियो ने एक और बड़ा कदम उठाया है. इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2025 के उद्घाटन अवसर पर कंपनी ने ‘जियो एआई क्लासरूम’ फाउंडेशन कोर्स लॉन्च किया. यह चार सप्ताह का कोर्स पूरी तरह निशुल्क है और उन सभी लोगों के लिए है जो एआई टूल्स को सीखना और समझना चाहते हैं.
कंपनी के अनुसार, ‘जियो एआई क्लासरूम’ कोर्स जियोपीसी और जियो इंस्टीट्यूट के संयुक्त प्रयास से तैयार किया गया है. पर्सनल कंप्यूटर, डेस्कटॉप या लैपटॉप रखने वाले सभी लोग इस कोर्स का लाभ उठा सकते हैं. हालांकि सर्टिफिकेट केवल जियोपीसी पर कोर्स पूरा करने वाले प्रतिभागियों को मिलेगा, जबकि अन्य को ‘कंप्लीशन बैज’ प्रदान किया जाएगा. यह कोर्स [www.jio.com/ai-classroom](http://www.jio.com/ai-classroom) के ज़रिए एक्सेस किया जा सकता है.
कोर्स के दौरान शिक्षार्थियों को विभिन्न एआई टूल्स और उनके उपयोग की जानकारी मिलेगी. वे एआई के बुनियादी सिद्धांतों को समझने, अपनी स्टडी और जानकारी को व्यवस्थित करने, डिज़ाइन, स्टोरी और प्रेजेंटेशन तैयार करने, तथा समस्याओं के हल के लिए एआई के उपयोग के तरीके सीख सकेंगे.
रिलायंस जियो के प्रवक्ता ने कहा कि तकनीक की असली ताकत हर व्यक्ति को सशक्त बनाने की क्षमता में निहित है. जियो एआई क्लासरूम के माध्यम से कंपनी का उद्देश्य युवा छात्रों और स्कूली बच्चों को एआई शिक्षा से जोड़ना है ताकि कोई भी एआई क्रांति में पीछे न छूटे.
जियोपीसी उपयोगकर्ता अपने होम स्क्रीन पर दिए गए शॉर्टकट से सीधे कोर्स तक पहुंच सकते हैं. यह कोर्स मोबाइल पर उपलब्ध नहीं होगा. जियोपीसी से कोर्स करने वालों को उन्नत एआई टूल्स का उपयोग करने का अवसर और जियो इंस्टीट्यूट से आधिकारिक प्रमाणपत्र प्राप्त होगा.

