
उदित वाणी, जमशेदपुर : ओलीडीह ओपी थाना क्षेत्र में रविवार, 5 अक्टूबर को पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को ब्राउन शुगर की अवैध बिक्री करते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
सूचना मिली थी कि ओलीडीह ओपी क्षेत्र के मुर्दा मैदान के पास भारी मात्रा में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। इस पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक (पटमदा) बचनदेव कुजुर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर त्वरित छापामारी की गई।
छापेमारी के दौरान दो आरोपी — बबन खान उर्फ शेख बबन और पवन साहू — को ब्राउन शुगर और नकद राशि के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके पास से कुल 140 पुड़िया (करीब 18 ग्राम) ब्राउन शुगर और 2000 रुपये नकद बरामद किए हैं।

डीएसपी बचनदेव कुजुर ने बताया कि दोनों आरोपी पूर्व में भी नशा कारोबार से जुड़े रहे हैं और इनके विरुद्ध मानगो, सीतारामडेरा तथा ओलीडीह ओपी में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई नशे के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में बड़ी सफलता है और इससे इलाके में सक्रिय तस्करों में हड़कंप मच गया है।
छापामारी दल में ओलीडीह ओपी प्रभारी दीपक कुमार ठाकुर, एएसआई रविंद्र पांडेय, एएसआई विष्णु चरण भोगता, एएसआई विवेक पाल, एएसआई विजय कुमार तथा रिजर्व गार्ड शामिल थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले में आगे की पूछताछ जारी है।
पुलिस का कहना है कि शहर में नशे के अवैध कारोबार पर निगरानी और सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

