
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा स्थित प्रकृति विहार क्लब हाउस में शनिवार को नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण के उपरांत क्लब हाउस का उद्घाटन किया गया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में टाटा स्टील के कार्पोरेट सर्विसेस के उपाध्यक्ष डीबी सुंदरा रामम तथा विशिष्ट अतिथि टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी उपस्थिति थे. कार्यक्रम में यूनियन के जेनरल सेक्रेटरी सतीश सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह, टाटा स्टील यूटिलिटी एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर सर्विसेस लिमिटेड के जीएम आरके सिंह, टाटा वर्कर्स यूनियन के वरिष्ठ पदाधिकारी, टाउन डिवीजन के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी शामिल हुए. कार्यक्रम का संचालन क्लब प्रबंधन समिति के अध्यक्ष विमल कुमार ने किया.
मुख्य अतिथि टाटा स्टील के कार्पोरेट सर्विसेस के उपाध्यक्ष डीबी सुंदरा रामम ने नवनिर्मित क्लब हाउस की आधुनिक सुविधाओं और सुव्यवस्थित व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि आज जो स्तर की व्यवस्था यहां दिखाई दे रही है, उसे बनाए रखना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है. उन्होंने समुदाय और संगठन के बीच सहयोग की भावना की विशेष प्रशंसा की. विशिष्ट अतिथि संजीव चौधरी ने कहा कि जहां से संसाधन प्राप्त होते हैं, विकास भी वहीं होना चाहिए.”
उन्होंने इस बात पर बल दिया कि क्लब से प्राप्त धनराशि एवं योगदान का सदुपयोग यहीं के विकास और सुविधाओं के उन्नयन में किया जाना चाहिए, ताकि सदस्यों एवं स्थानीय समुदाय को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल सके. उन्होंने क्लब में हुए नवीनीकरण कार्यों को सराहनीय बताते हुए समिति के प्रयासों की प्रशंसा की. समारोह के उपरांत सभी अतिथियों ने नवनिर्मित क्लब हाउस का भ्रमण किया और इसे समुदाय के लिए एक उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायक पहल बताया.

