
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर से उत्तर प्रदेश के अकबरपुर जिले स्थित प्रसिद्ध किछोछा शरीफ दरगाह जा रहे श्रद्धालुओं का सफर मातम में बदल गया। बिहार के कैमूर जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, कपाली अंसार नगर डेम्दुबी निवासी 45 वर्षीय मुस्लिम अंसारी अपने परिजनों और रिश्तेदारों संग स्कॉर्पियो से यात्रा पर निकले थे। वाहन में कुल सात लोग सवार थे। सभी लोग बिहार मार्ग से होकर सैयद मखदूम अशरफ जहांगीर की दरगाह किछोछा शरीफ जा रहे थे।
2 अक्टूबर की सुबह हादसा तब हुआ जब एनएच-19 पर दुर्गावती थाना क्षेत्र के छज्जूपुर के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े भारी कंटेनर से टकरा गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। हादसे में जमशेदपुर निवासी मुस्लिम अंसारी, रोहतास जिले के नेकरा गांव निवासी 45 वर्षीय मुन्ना अंसारी और 60 वर्षीय रजिआ खातून की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, हाजरा खातून, उमर अंसारी और अशरफ अंसारी समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही दुर्गावती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा। डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। धार्मिक यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं की यह त्रासदी पूरे इलाके में शोक का कारण बन गई है।

