
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के हलुदबनी डुंगरी टोला निवासी बिसु मुर्मू (22) का शव घटना के तीन दिन बाद सुंदरनगर थाना क्षेत्र के तुरामडीह स्थित जोड़ा तालाब से बरामद हुआ. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. युवक की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार, बिसु मुर्मू 27 सितंबर की शाम अपने दोस्तों दुर्गा सोरेन, दशमत टुडू और राजेश माहली के साथ बाइक से मेला घूमने निकला था. इसके बाद से वह घर नहीं लौटा. परिजनों ने उसी दिन परसुडीह थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी. घटना के बाद जब तीन दिनों तक कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस ने खोजबीन तेज की और रविवार को उसका शव तालाब से बरामद हुआ.
पुलिस ने मामले में उसके तीन दोस्तों को हिरासत में लिया है. शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि युवक अपने दोस्तों के साथ स्नान करने तालाब तक पहुंचा था. हालांकि, बिसु तैराकी जानता था, ऐसे में केवल डूबकर उसकी मौत पर संदेह जताया जा रहा है. परिजनों का आरोप है कि दोस्तों ने घटना की सच्चाई छिपाई और देर से जानकारी दी.
सुंदरनगर पुलिस का कहना है कि दोस्तों से पूछताछ जारी है. जांच में यह भी देखा जा रहा है कि कहीं किसी आपसी रंजिश में बिसु की हत्या तो नहीं कर दी गई. पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा.

