
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना अंतर्गत गुरुद्वारा रोड के समीप 4 सितम्बर 2025 को कारोबारी साकेत अग्रवाल से 30 लाख रुपये की हुई लूटकांड का मास्टरमाइंड आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी चंदन कुमार मंडल उर्फ सौरभ उर्फ चंदू को बिहार के मुंगेर जिले के धपरी शामपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से अदित्यपुर सालडीह बस्ती स्थित केसरी गोदाम के पास का रहने वाला है, जबकि उसका पैतृक गांव मुंगेर में है।
बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक कुमार दूबे ने बताया कि चंदन मंडल ही वह अपराधी है, जिसने कारोबारी साकेत अग्रवाल से नकदी से भरा बैग छीना था। लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद चंदन अपने साथियों के साथ इनोवा कार से अदित्यपुर के राममढ़िया बस्ती पहुंचा, जहां पांच मिनट तक रुकने के बाद गिरोह राजनगर की ओर फरार हो गया। इसके बाद लूट की रकम में से अपना हिस्सा पांच लाख रुपये लेकर चंदन मंडल सीधे मुंगेर चला गया था।
पुलिस ने घटना के बाद से ही आरोपी की तलाश तेज कर दी थी। तकनीकी और मानवीय सूचना तंत्र की मदद से पुलिस टीम लगातार चंदन के मूवमेंट पर नजर रखे हुए थी। आखिरकार पुलिस ने धपरी शामपुर, मुंगेर से उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के वक्त उसके पास से लूट की 50 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में पहले ही 12 सितम्बर को चार अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। उन अपराधियों से पूछताछ के दौरान पूरे गिरोह की संलिप्तता उजागर हुई थी। चंदन मंडल की गिरफ्तारी से लूटकांड की कड़ी अब पूरी तरह से जुड़ चुकी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चंदन मंडल इस गिरोह का सबसे सक्रिय सदस्य है और वारदात का मास्टरमाइंड भी वही था। पूछताछ में उसने स्वीकार किया है कि लूट की रकम से उसे पांच लाख रुपये मिले थे, जिसमें से कुछ खर्च करने के बाद 50 हजार रुपये पुलिस ने उसके पास से बरामद कर लिए।
थाना प्रभारी आलोक कुमार दूबे ने बताया कि अब पूरे लूटकांड का खुलासा हो चुका है और न्यायालय में चार्जशीट दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। चंदन की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही बची हुई लूट की रकम भी बरामद कर ली जाएगी। इस सनसनीखेज प्रकरण में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है।

