
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर रेल पुलिस ने शनिवार सुबह एर्नाकुलम–टाटा एक्सप्रेस के एसी कोच से एक महिला यात्री का शव बरामद किया. मृतका की पहचान पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला के महुलिया निवासी अंजली मार्डी (31) के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, अंजली विवाहित थी और आंध्र प्रदेश में काम करने गई हुई थी. वहां से लौटते समय ट्रेन में ही उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. आशंका जताई जा रही है कि तबीयत खराब होने के कारण ही उसकी मौत हुई.
घटना की जानकारी मिलते ही रेल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने आसपास के यात्रियों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं दी.
रेल पुलिस के मुताबिक, शव को टाटानगर स्टेशन पर उतार दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है. हालांकि समाचार लिखे जाने तक परिवार का कोई भी सदस्य स्टेशन नहीं पहुंच पाया था. परिजनों के आने के बाद ही इस मामले में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी.
इस घटना से ट्रेन में मौजूद यात्रियों के बीच सनसनी फैल गई. रेल पुलिस अब मामले की जांच कर रही है कि महिला की मौत केवल बीमारी के कारण हुई है या इसमें कोई अन्य कारण भी शामिल है.

