
उदित वाणी, जमशेदपुर : गत 6-7 सितंबर 2025 को दिल्ली में संपन्न अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन के 28वें राष्ट्रीय अधिवेशन में राष्ट्रीय अध्यक्ष पद ग्रहण करने के बाद श्री पवन कुमार गोयनका ने वर्तमान सत्र (2025—27) के लिए राष्ट्रीय महामंत्री पद पर केदार नाथ गुप्ता को मनोनित किया. गुप्ता ने पिछले सत्र (2023—25) में राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और लगन से निभाया था.
25 सितंबर 2025 को अन्य राष्ट्रीय पदाधिकारियों की औपचारिक घोषणा की गई. राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में निम्नलिखित पदाधिकारी मनोनीत किए गए हैं— कोलकाता से विशिष्ट संरक्षक सदस्य गिरधारी लाल गोयनका, कर्नाटक के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. सुभाष अग्रवाल, बिहार के पूर्व प्रादेशिक अध्यक्ष बिनोद तोदी, दिल्ली के पूर्व प्रादेशिक अध्यक्ष राज कुमार मिश्रा, छत्तीसगढ़ के पूर्व प्रादेशिक अध्यक्ष पुरुषोत्तम सिंघानिया, एवं गुजरात के निवर्तमान प्रादेशिक अध्यक्ष गोकुल चंद बजाज.
इसके अतिरिक्त, सम्मेलन के विशिष्ट संरक्षक सदस्य पवन कुमार जालान एवं पवन कुमार बंसल को राष्ट्रीय संयुक्त मंत्री, अनिल कुमार मलावत को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और कामरुप, असम से बसंत कुमार सुराना को राष्ट्रीय संगठन मंत्री पद के लिए मनोनीत किया गया.
राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन कुमार गोयनका ने सभी मनोनीत पदाधिकारियों को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए आशा व्यक्त की कि नई टीम ध्येय वाक्य ‘महारी चाह—संगठित समाज’ को आगे बढ़ाएगी और सम्मेलन को नई ऊँचाईयों पर पहुंचाने के लिए तन-मन-धन से अपना योगदान देगी.
सम्मेलन के सत्र 2025—27 के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों, विशेषकर गिरधारी लाल गोयनका को चाकुलिया, पूर्वी सिंहभूम से हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं मिली हैं. यह टीम मारवाड़ी समाज के संगठन और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की उम्मीद रखती है.

