
बिहार : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का वर्चुअल शुभारंभ किया। इस योजना के तहत राज्य की 75 लाख महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 10-10 हजार रुपये का हस्तांतरण किया गया, जिससे कुल 7,500 करोड़ रुपये का प्रत्यक्ष लाभ हुआ। प्रधानमंत्री ने इसे महिलाओं के आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि नवरात्रि के पावन पर्व पर बिहार की नारी शक्ति के साथ जुड़ना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने महिलाओं को कहा कि भाई की खुशी तभी पूरी होती है जब उसकी बहन आत्मनिर्भर, स्वस्थ और सुरक्षित हो। इसी भावना के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और वे स्वयं महिलाओं के लिए योजनाएं तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “आज आपके दो भाई, नरेंद्र और नीतीश, आपकी सेवा, समृद्धि और स्वाभिमान के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
प्रधानमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि पहले दिल्ली से भेजा गया पैसा लाभार्थियों तक पूरी तरह नहीं पहुंचता था, लेकिन अब डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से बिना किसी बिचौलिये के राशि सीधे खातों में पहुंच रही है। उन्होंने जनधन योजना की सफलता को इस व्यवस्था की नींव बताया और कहा कि बैंक खाते को मोबाइल से जोड़ने की वजह से ही यह संभव हुआ।
प्रधानमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना अब तक 75 लाख महिलाओं को जोड़ चुकी है। उन्होंने कहा कि जब कोई महिला रोजगार या स्वरोजगार करती है तो उसका आत्मविश्वास बढ़ता है और समाज में उसका सम्मान भी बढ़ता है। उन्होंने केंद्र सरकार के ‘लखपति दीदी अभियान’ का भी उल्लेख किया, जिसके तहत अब तक दो करोड़ से अधिक महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बन चुकी हैं। इस योजना का लक्ष्य तीन करोड़ महिलाओं को लखपति बनाना है।
प्रधानमंत्री ने महिलाओं के लिए अन्य सरकारी पहलों का भी जिक्र किया, जैसे उज्ज्वला योजना, मुद्रा योजना, बीमा सखी, बैंक दीदी और ड्रोन दीदी। उन्होंने कहा कि ये सभी योजनाएं महिलाओं को रोजगार, सुरक्षा और सम्मान प्रदान कर रही हैं। एक समय ऐसा था जब गांवों में गैस कनेक्शन सिर्फ सपना था, लेकिन आज उज्ज्वला योजना ने हर घर तक गैस पहुंचाकर माताओं और बहनों को रसोई की कठिनाइयों से मुक्ति दिलाई है।
प्रधानमंत्री ने हाल ही में लागू की गई जीएसटी दरों में कटौती का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इससे घरेलू बजट को राहत मिलेगी और व्यापार को भी गति मिलेगी। उन्होंने यह दोहराया कि बिहार को अब कभी अंधेरे में नहीं जाने दिया जाएगा और सरकार का संकल्प है कि राज्य के बच्चों को सुरक्षित और उज्जवल भविष्य दिया जाए।

