
उदित वाणी, जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के नीलडीह में बुधवार देर रात आयोजित डांडिया कार्यक्रम के दौरान अचानक तनाव फैल गया। उत्सव के बीच हुए हमले में दो युवक—श्रवण और अनुराग—गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना ने जहां डांडिया उत्सव की खुशियों को गहरे सदमे में बदल दिया, वहीं पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान ही एक युवक लकी ने श्रवण और अनुराग को बहाने से बाहर बुलाया। जैसे ही वे बाहर आए, वहां पहले से घात लगाए करीब 20-25 युवक उन पर टूट पड़े। हमलावरों ने दोनों को लात-घूंसों से पीटा और धारदार हथियार से वार किया। बताया जाता है कि एक युवक ने चपड़ से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। गंभीर हालत में दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि हमला योजनाबद्ध प्रतीत होता है। शुरुआती जांच में आपसी रंजिश और पुरानी दुश्मनी की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

