
उदित वाणी, जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के हमें पाइप कृष्णा नगर में मंगलवार दोपहर एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 55 वर्षीय माया रानी घोष के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे उनका बेटा तपन घोष काम से घर लौटा। घर का दरवाज़ा खोलते ही उसने देखा कि उसकी मां पंखे से लटकी हुई हैं। यह दृश्य देखकर तपन घबरा गया और तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची सीतारामडेरा थाना पुलिस ने शव को नीचे उतार कर अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बेटे तपन घोष ने बताया कि उनकी मां लंबे समय से मानसिक तनाव में थीं। कुछ साल पहले पिता का देहांत हो गया था। पति की मौत के बाद माया रानी अवसाद में रहने लगीं और उनका इलाज एक अस्पताल में चल रहा था। तपन का कहना है कि इसी मानसिक तनाव के कारण उनकी मां ने यह कदम उठाया।
स्थानीय लोगों ने भी बताया कि पति की मौत के बाद माया रानी अक्सर अकेली और उदास रहती थीं। वे शांत स्वभाव की महिला थीं लेकिन बीते कुछ वर्षों से अवसाद से जूझ रही थीं।
फिलहाल पुलिस ने मामले में यूडी केस दर्ज कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

