
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र के चौक बाजार में स्थित रिद्धि सिद्धि इलेक्ट्रिकल्स दुकान से दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई है. जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे अज्ञात चोरों ने दुकान के बाहर रखी विद्युत केबल को चुराकर फरार हो गए.
दुकानदार आशुतोष काबरा ने बताया कि मंगलवार को बाजार बंदी की वजह से दुकान बंद थी. इसी अवसर का लाभ उठाकर चोरों ने चोरी की योजना को अंजाम दिया. उन्होंने बताया कि चोरी की गई विद्युत केबल की कीमत लगभग 50 हजार रुपये आंकी जा रही है. घटना के बाद उन्होंने तुरंत जुगसलाई थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई.
शिकायत मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है. थाना प्रभारी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की तैयारी कर रही है, ताकि चोरों की पहचान कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जा सके.
स्थानीय लोगों का कहना है कि जुगसलाई चौक बाजार क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं. दुकानदारों ने भी पुलिस से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है. फिलहाल पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही दोषियों को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

