
उदित वाणी, जमशेदपुर : वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पाण्डेय की अध्यक्षता में मंगलवार को ग्रामीण क्षेत्र की मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के साथ सभी पुलिस उपाधीक्षक, पु0नि0 एवं थाना प्रभारी शामिल हुए।
गोष्ठी में सबसे पहले विगत लंबित कांडों, वारंट और कुर्की मामलों की समीक्षा की गई। एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को इन मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन के लंबित आवेदनों पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि कार्य पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं।
फिरार अभियुक्तों के विरुद्ध सघन अभियान चलाने और उन्हें गिरफ्तार करने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही, अपराध नियंत्रण और अपराधियों पर कड़ी नजर रखने हेतु थाना स्तर पर रणनीति तैयार करने को कहा गया।
बैठक में क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम, यौन अपराधों के लिए जांच ट्रैकिंग प्रणाली, एकीकृत सड़क दुर्घटना डेटाबेस, डायल-112, झारखंड पुलिस ऑनलाइन एफ आई आर सिस्टम तथा ई साक्ष्य जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्मों की कार्यप्रणाली की समीक्षा हुई। एसएसपी ने इन तकनीकी माध्यमों का प्रभावी उपयोग कर पुलिसिंग को आधुनिक और जवाबदेह बनाने पर जोर दिया।
आगामी घाटशिला विधानसभा उपचुनाव एवं दुर्गा पूजा को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। एसएसपी ने कहा कि चुनाव और त्योहारी सीजन में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता होगी। उन्होंने अधिकारियों को सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का अक्षरशः अनुपालन कराने का निर्देश दिया।
एसएसपी ने विशेष रूप से दुर्गा पूजा के अवसर पर भीड़भाड़ वाले इलाकों, पूजा पंडालों और बाजारों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने को कहा। उन्होंने जनता के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार और सतर्क निगरानी बनाए रखने का संदेश दिया। बैठक का समापन अपराध नियंत्रण और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

