
उदित वाणी, जमशेदपुर: आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के द्वितीय चरण स्थित अंजनी प्लास्ट इंडस्ट्रीज में मंगलवार की सुबह अचानक भीषण आग लग गई। प्लास्टिक का ग्लास निर्माण करने वाली इस फैक्ट्री से उठते आग और धुएं ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। हालांकि आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग हरकत में आया और उसके बाद आग बुझाने के लिए दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान दमकल कर्मियों के साथ स्थानीय लोग भी आग बुझाने का प्रयास करते हुए देखे गए।
संयोग की बात रही कि आगजनी कि इस घटना में किसी तरह के जानमाल की क्षति नहीं हुई। परन्तु फैक्ट्री को भारी नुकसान पहुंचने की बात कही जा रही है। प्राथमिक अनुमान के अनुसार, आगजनी की घटना में कंपनी प्रबंधन को लाखों रुपये का नुकसान होने की संभावना है।
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। वहीं, आग पर नियंत्रण पाने के बाद कंपनी प्रबंधन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

