
उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची थाना अंतर्गत बाजार के बाटा लाइन में शुक्रवार रात करीब 8:15 बजे सनसनीखेज घटना हुई। चिंरजीलाल दुकान के मालिक विशाल अग्रवाल (34 वर्ष, पिता स्व. सावरमल अग्रवाल) पर उनके ही पूर्व कर्मचारी सुबोजित राय उर्फ सम्राट (32 वर्ष, पिता उत्तम राय, निवासी हलुदबनी, थाना-परसुडीह) ने चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
जानकारी के अनुसार, पैसे के भुगतान को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने अपने पास छुपाए चाकू से विशाल अग्रवाल के पेट में जोरदार प्रहार किया और सिर पर भी हमला कर दिया। गंभीर रूप से जख्मी विशाल अग्रवाल को परिजनों व स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल टीएमएच ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना पर साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित का फर्द बयान दर्ज किया। उसी आधार पर थाना कांड संख्या 145/25 दर्ज की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुबोजित राय को गिरफ्तार कर लिया और शनिवार 20 सितंबर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू को पुलिस ने बरामद कर जब्त कर लिया है। इस वारदात से बाजार क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

