
उदित वाणी, जमशेदपुर: सिंहभूम की सांसद जोबा मांझी ने कहा कि सरकार का प्रयास केवल शहरों तक ही नहीं, बल्कि गांवों तक भी स्वच्छ और निर्मल पानी पहुंचाना है तथा इस दिशा में लगातार काम किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि आज शहरों के लोग पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर का उपयोग कर रहे हैं. परन्तु गांवों में लोग अभी भी कुआं और जल मीनार के पानी के उपर निर्भर हैं. जल जीवन मिशन के तहत गांवों में जल मीनार तो बनाए गए हैं, लेकिन वहां मिलने वाला पानी पूरी तरह स्वच्छ नहीं है. सांसद आज मीरुडीह में बॉस्को बेसरा द्वारा स्थापित पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर बॉटलिंग प्लांट का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों को संबोधित कर रही थी. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सरकार की योजना गांवों तक भी पैकेज्ड मिनरल वाटर जैसी शुद्ध पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने का है, ताकि ग्रामीण भी निरोग और स्वस्थ जीवन जी सकें. उन्होंने कहा कि कभी यह धारणा थी कि आदिवासी समाज व्यवसाय क्षेत्र में सफल नहीं हो सकता, लेकिन आज आदिवासी समुदाय के लोग उद्योग और व्यापार में भी अपनी छाप छोड़ रही है.
मौके पर विशिष्ट अतिथि के रुप में उपस्थित आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (एशिया) के अध्यक्ष इंदर कुमार अग्रवाल ने कहा कि सरकार अनुसूचित जनजाति के उत्थान और उन्हें उद्योग-धंधों से जोड़ने के लिए कई योजनाएं चला रही है. और एमएसएमई मंत्रालय की योजनाओं से समुदाय को जोड़ना बेहद आवश्यक है. इस अवसर पर कंपनी के संचालक बॉस्को बेसरा, सांसद प्रतिनिधि कालीपद सोरेन, नगर निगम की पूर्व पार्षद गासो बेसरा, गम्हरिया लैंपस के पूर्व अध्यक्ष दासोराम बेसरा उर्फ डॉक्टर बेसरा, बासोराम बेसरा उर्फ भूंडा बेसरा, जोगेंद्र गुप्ता, खिरोद सरदार, जगदीश नारायण चौबे, अनिल शर्मा, सुबोध कुमार समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

