
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित कॉन्वेंट स्कूल के पास शनिवार की शाम उस समय हड़कंप मच गया जब कदमा शास्त्री नगर निवासी 16 वर्षीय किशोर अर्श कुमार तिवारी पर बाइक सवार युवकों ने चापड़ से हमला कर दिया. घायल अर्श को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अर्श जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आर्चरी अभ्यास के बाद स्कूटी से घर लौट रहा था. इसी दौरान काशीडीह निवासी अनिकेत प्रसाद और निहाल खत्री ने उसे रोका और हाथापाई शुरू कर दी. विवाद बढ़ने पर अनिकेत ने चापड़ से हमला कर अर्श को लहूलुहान कर दिया और दोनों मौके से फरार हो गए. अर्श के दोस्तों और एक ऑटो चालक ने उसे टीएमएच पहुंचाया.
सूत्रों के मुताबिक, घटना की जड़ करीब एक सप्ताह पुराना विवाद है. आरोपियों में से एक ने अर्श के दोस्त हर्ष की बहन से छेड़छाड़ की थी. इस बात पर हर्ष ने विरोध जताया था और तभी से दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था. शनिवार को उसी रंजिश में हमला किया गया.
घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी. बिष्टुपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को संभाला. फिलहाल घायल अर्श की स्थिति स्थिर बताई जा रही है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच चल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है. वहीं, स्थानीय लोगों ने शिकायत की है कि जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और कॉन्वेंट स्कूल के आसपास अक्सर असामाजिक तत्व जुटते हैं. खुलेआम भीड़-भाड़ वाले इलाके में हथियार से हमला होना कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

