
उदित वाणी, जमशेदपुर : आज़ादनगर थाना क्षेत्र में दर्ज धोखाधड़ी और गबन के मामले में फरार चल रहा अरबन लेडर बिल्डर का मालिक नसीम शेख आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। शनिवार को विशेष पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार किया।
मामले की शुरुआत पीड़िता आईसा परवीन की शिकायत से हुई थी। उनके अनुसार, नसीम शेख और सहयोगियों ने ज़मीन एवं फ़्लैट दिलाने के नाम पर करीब 28 लाख 70 हजार रुपये की ठगी की। जांच में खुलासा हुआ कि उसने अलग-अलग व्यक्तियों से इसी तरह कुल लगभग एक करोड़ रुपये का गबन किया। वह पावर ऑफ अटॉर्नी दिखाकर लोगों से पैसे वसूलता और फिर फरार हो जाता। पुलिस को आशंका थी कि वह विदेश भागने की फिराक़ में था।
मामले की गंभीरता देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों ने पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई। लगातार छापेमारी के बाद शनिवार को नसीम शेख को दबोच लिया गया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया। उसके पास से यस बैंक का वेंचर वीज़ा इन्फिनाइट कार्ड, इंडसइंड का टाइटेनियम डेबिट कार्ड, बैंक ऑफ इंडिया का प्लेटिनम रुपे कार्ड, मानगो नोटिफाई एरिया कमिटी की रसीद, टाटा मोटर्स का अस्थायी कार्ड और एक मोटोरोला एंड्रॉयड फोन बरामद हुआ।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नसीम शेख पहले भी धोखाधड़ी मामलों में संलिप्त रहा है और उसके खिलाफ मानगो थाना में मामला दर्ज है। गिरफ्तार अभियुक्त का चिकित्सीय परीक्षण कर न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस अब उसके सहयोगियों की तलाश कर रही है और आगे और खुलासे की संभावना है।

