
उदित वाणी, जमशेदपुर : 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी अजीत कुमार ने शनिवार को जमशेदपुर रेल एसपी के पद का कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि जमशेदपुर रेल मंडल राज्य के संवेदनशील क्षेत्रों में से एक है। यहां अक्सर रेल संपत्ति की चोरी, ट्रेनों में यात्रियों से छीना-झपटी और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की शिकायतें सामने आती रहती हैं। ऐसे मामलों पर कड़ाई से अंकुश लगाना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जमशेदपुर जीआरपी में जो कार्य सकारात्मक ढंग से हो रहे हैं, उन्हें और सशक्त किया जाएगा। वहीं, जिन क्षेत्रों में खामियां और कमियां हैं, उन्हें शीघ्र दूर किया जाएगा। अजीत कुमार ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास की कड़ी को मजबूत बनाना उनका मुख्य लक्ष्य है। उनके अनुसार रेल पुलिस की छवि को और बेहतर तथा मजबूत बनाने के लिए टीम भावना से कार्य किया जाएगा।
रेल एसपी अजीत कुमार ने साफ कहा कि यात्री सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने जीआरपी के अधिकारियों को निर्देश दिया कि रेल परिसरों और ट्रेनों में गश्त को और प्रभावी बनाया जाए। साथ ही आपराधिक गिरोहों और असामाजिक तत्वों की पहचान कर उन पर नकेल कसने की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
गौरतलब है कि अजीत कुमार इससे पूर्व रांची में सिटी एसपी और धनबाद में सिटी एसपी के पद पर कार्यरत रह चुके हैं। दोनों ही जिलों में उन्होंने संगठित आपराधिक गिरोहों पर सख्त कार्रवाई की थी। उनके कार्यकाल में कई कुख्यात अपराधियों की गिरफ्तारी हुई और अपराध दर में गिरावट दर्ज की गई। जमशेदपुर रेल एसपी के रूप में उनके अनुभव और कड़े रुख से यात्रियों और आमजनों में सुरक्षा को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं।

