
उदित वाणी, जमशेदपुर: सोनारी पुलिस ने वर्धमान ज्वैलर्स में हुई लूट का खुलासा करते हुए तीन कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में मास्टरमाइंड भी शामिल है। यह अंतरराज्यीय गिरोह झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ में लूट और डकैती की घटनाओं में सक्रिय था।
गिरफ्तार अपराधियों में विष्णु शंकर राय, सौरभ मेहता उर्फ सोनू और सूरज कुमार शामिल हैं। विष्णु शंकर राय बिहार के आरा जिले के नेवादा थाना क्षेत्र के विष्णु नगर बैंक कॉलोनी के निवासी हैं। सौरभ मेहता झारखंड के पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के नदियाइन गांव के रहने वाले हैं, जबकि सूरज कुमार पलामू के हरिहरगंज के निवासी हैं। उनके ठिकानों से पुलिस ने एक देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस, एक हुंडई अलकाजार कार, दो पल्सर मोटरसाइकिलें, तीन स्मार्टफोन और दो कीपैड फोन बरामद किए।
सिटी एसपी कुमार शिवाशिष ने बताया कि 3 सितंबर को सोनारी के गुदड़ी मार्केट स्थित वर्धमान ज्वैलर्स में लूट हुई थी। अपराधियों ने लगभग पांच लाख रुपये मूल्य की पांच सोने की चेन लूट ली।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने विष्णु शंकर राय को मुख्य संदिग्ध के रूप में चिन्हित किया। बिहार भेजी गई टीम ने कई संदिग्ध इलाकों में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि सौरभ मेहता और सूरज कुमार भी इस लूट में शामिल थे। दोनों को पलामू से गिरफ्तार किया गया।
अभियुक्तों ने लूट की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की और बताया कि इसके पीछे एक अंतरराज्यीय आपराधिक गिरोह सक्रिय था। पुलिस अभी अन्य फरार अपराधियों की तलाश में है।
गिरफ्तारी के बाद विष्णु शंकर राय की निशानदेही पर डोबो पुल के पास झाड़ियों में एक देशी पिस्टल बरामद की गई। इसके अलावा हुंडई कार, दो मोटरसाइकिलें, तीन स्मार्टफोन और दो कीपैड फोन भी जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह झारखंड और बिहार के कई जिलों में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।
एसआईटी टीम का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक मनोज ठाकुर और सन्नी वर्धन ने किया। उनके साथ सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन डे, साइबर थाना प्रभारी कुमार सरयू आनंद, जांच अधिकारी धनंजय कुमार सिंह और तकनीकी शाखा की टीम भी शामिल थी।

