
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना अंतर्गत लोहार लाइन मनिंदा टावर निवासी ऋषभ कुमार सिंह के घर में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। चोरी की वारदात सोमवार दोपहर करीब 2 बजे हुई, जब ऋषभ कुमार सिंह अपने घर के पास स्थित कारखाना विश्वकर्मा पूजन के उपलक्ष्य में गए हुए थे। लौटने पर उन्होंने देखा कि उनके घर का ताला तोड़ा गया था और अलमारियों का दरवाजा खुला हुआ था। घर का पूरा सामान अस्त-व्यस्त था।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने करीब 2 लाख रुपए नगद, लगभग 35 ग्राम सोना और 1.5 किलो चांदी चुरा लिया। इसके साथ ही ऋषभ कुमार सिंह के आधार कार्ड, पैन कार्ड और वाहन की ऑनर बुक भी ले गए। चोरी का शिकार बने ऋषभ कुमार सिंह ने तुरंत गोलमुरी थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटना स्थल पर पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस ने घर के अंदर के साक्ष्य एकत्रित किए और आस-पास के लोगों से पूछताछ की। साथ ही पास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
थाना प्रभारी ने बताया कि चोरी की यह घटना बेहद संगठित तरीके से की गई है। पूरी घटना की गहनता से जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह क्षेत्र पहले भी चोरी की घटनाओं के लिए जाना जाता रहा है, लेकिन इस बार चोरी का माद्दा और भी बढ़ गया है।
पुलिस अधीक्षक की ओर से विशेष जांच दल भी गठित किया गया है। जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। लोगों ने इस घटना को लेकर पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद जताई है।

