
उदित वाणी, जमशेदपुर : बोड़ाम थाना क्षेत्र के डिमना झील में बुधवार दोपहर करीब 12 बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, गिरिडीह जिले के रहने वाले 21 से 22 वर्षीय कृष्णा राणा अपने साथियों के साथ डिमना झील घूमने आए थे। सभी युवक कारपेंटर का काम करते हैं। उनमें से छह युवक झील में नहाने के लिए उतरे थे। कृष्णा राणा सबसे आखिर में पानी में गया था। कुछ ही समय बाद वह अचानक डूबने लगा। साथ आए अन्य युवक उसकी मदद करने लगे, लेकिन पानी की गहराई अधिक होने के कारण वे उसे बाहर नहीं निकाल सके। इसके बाद सभी युवक बाहर आ गए और घटना की जानकारी आसपास मौजूद लोगों और पुलिस को दी।
हालांकि पुलिस मौके पर पहुंचने में काफी विलंब कर गई। राहत कार्य के बजाय पुलिस ने केवल औपचारिक पूछताछ की। काफी देर बाद मछुआरे घटनास्थल पर पहुंचे और कृष्णा राणा को पानी से बाहर निकाला। परंतु तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
यह डिमना झील में पहली घटना नहीं है। पहले भी कई बार लोग डूब चुके हैं, लेकिन प्रशासन ने न तो लाइफगार्ड की व्यवस्था की और न चेतावनी बोर्ड लगवाए। स्थानीय लोग बार-बार सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग कर चुके हैं। बावजूद इसके कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इस घटना ने प्रशासन की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जल्द से जल्द बचाव और सुरक्षा के उपाय किए जाने की जरूरत है ताकि ऐसे हादसे फिर न हों।

