
उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित एक स्पेयर पार्ट्स की दुकान में बुधवार को विश्वकर्मा पूजा के दौरान दीपक जलाने के क्रम में अचानक आग लग गई, जिसने विकराल रूप ले लिया। सूचना के अनुसार, गैरेज संचालक संतोष कुमार अपने गैराज में विश्वकर्मा पूजा कर रहे थे। इसी दौरान पूजा के लिए रखे दीपक की लौ से आग भड़क उठी। आग ने देखते ही देखते पूरे गैराज को अपनी चपेट में ले लिया। संतोष कुमार गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया है।
स्थानीय लोगों ने दमकल और पुलिस को इसकी सूचना दी, लेकिन प्रशासन की लापरवाही का मामला उजागर हुआ। करीब एक घंटे तक दमकल गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय लोगों ने बताया कि पिज्जा तो दस मिनट में पहुंच जाती है, लेकिन अग्निशमन विभाग की गाड़ी घंटों तक नहीं पहुंची। इससे गैराज को भारी भरकम नुकसान हुआ है। लोगों का आरोप है कि अग्निशमन विभाग की व्यवस्था पूरी तरह असंगठित है। स्थानीय प्रशासन से आगजनी की घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई जा रही है। घटना स्थल पर मौजूद लोग प्रशासन की लचर व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं और जल्द से जल्द राहत एवं मुआवजा दिलाए जाने की अपील कर रहे हैं।
आगजनी के कारण उठे धुएं और गर्मी से आस-पास के इलाके में भी भय का माहौल रहा। फिलहाल संतोष कुमार का उपचार सदर अस्पताल में चल रहा है और उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

