
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना अंतर्गत शनिवार दोपहर मानगो ओल्ड पुरुलिया रोड पर अपना मैरिज हाल के सामने प्रॉपर्टी विवाद को लेकर हंगामा हो गया। इलाके में अचानक लोग सड़क पर इकट्ठा होकर चिल्लाने लगे और विरोध प्रदर्शन करने लगे। सूचना मिलने पर आजाद नगर थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लाया। पुलिस ने सभी से स्थिति की जानकारी ली तो लोगों ने एक गंभीर प्रॉपर्टी विवाद का खुलासा किया।
जानकारी के अनुसार, जीसू भवन के पास अपना मैरिज हॉल के बगल में एक फ्लैट को लेकर विवाद खड़ा हुआ है। आरोप है कि बिल्डर नसीम शेख ने इस फ्लैट को कई लोगों को बेच दिया है। उन्होंने इन लोगों से बड़े पैमाने पर पैसे वसूल किए और भरोसा दिलाया कि जल्द ही फ्लैट का रजिस्ट्री उनके नाम कर दी जाएगी। लेकिन समय बीतने के साथ नसीम शेख से संपर्क टूट गया और फ्लैट के कागजात अब तक नहीं मिले।
इस पूरे मामले में जमीन के असली मालिक परवेज अख्तर ने दावा किया कि यह जमीन उन्होंने नसीम को केवल अपने लिए घर बनाने के उद्देश्य से दी थी। उन्होंने यह नहीं कहा कि यह जमीन दूसरों को बेचने की अनुमति दी गई। वहीं, फ्लैट खरीदने वाले लोग आरोप लगा रहे हैं कि नसीम शेख और परवेज अख्तर मिलकर धोखाधड़ी कर रहे हैं। उनका आरोप है कि यह एक संगठित साजिश है, जिसमें दोनों ने मिलकर कई लोगों को फंसाकर उनसे पैसे वसूल लिए हैं।
पीड़ितों ने बताया कि उन्होंने मानगो थाना में FIR दर्ज कराई है, लेकिन पुलिस प्रशासन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठा सका है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है, ताकि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। पीड़ित न्याय की उम्मीद कर रहे हैं और जल्द से जल्द निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

