
उदित वाणी, जमशेदपुर: नई दिल्ली में केंद्रीय इस्पात एवं भारी उद्योग मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी से पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान बोकारो इस्पात कारखाना के विस्तार परियोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।
बोकारो इस्पात कारखाना के विस्तार परियोजना में करीब 20,000 करोड़ रुपये का निवेश होना है, लेकिन कुछ कारणों से इसमें विलंब हो रहा है। अर्जुन मुंडा ने इसके त्वरित समाधान की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि परियोजना को गति मिल सके।
इस्पात मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी ने आश्वस्त किया कि झारखंड सरकार के साथ जल्द ही एक विशेष बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि अटकी हुई प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाया जा सके। इससे परियोजना को गति मिलने की उम्मीद है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस परियोजना को गति मिलने से न केवल बोकारो बल्कि पूरे झारखंड में औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। इससे क्षेत्र की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा और लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
बोकारो इस्पात कारखाना की विस्तार योजना का उद्देश्य हॉट मेटल उत्पादन को 5.25 मिलियन टन प्रति वर्ष से बढ़ाकर 7.55 मिलियन टन प्रति वर्ष करना है। इससे भारत की आत्मनिर्भरता और विकसित भारत 2047 के विजन को पूरा करने में मदद मिलेगी। परियोजना से 2,500 स्थायी नौकरियां और 10,000 अप्रत्यक्ष नौकरियों के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

